पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता दीपक सिंह
जौनपुर शाहगंज, श्री विश्वनाथ निजी आईटीआई कलान में दीपावली पर्व के अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता एवं जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। धनतेरस से आरंभ हुए इस रंगारंग कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रंगोली में विद्यार्थियों ने मां लक्ष्मी, गणेश जी, दीपदान और स्वदेशी अभियान जैसी भावनाओं को रंगों से सजाया। परिसर दीपों की जगमगाहट और विद्यार्थियों की कलात्मकता से आलोकित हो उठा संगोष्ठी के दौरान प्रधानाचार्य ई. वैभव प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली का अर्थ केवल दीप जलाना नहीं, बल्कि अपने भीतर की अच्छाइयों को प्रज्वलित करना भी है। इस पावन पर्व पर हमें पर्यावरण की रक्षा, स्वच्छता और समाज में सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी श्री आशुतोष कुमार सिंह सहित समस्त अनुदेशक एवं अनुदेशिका उपस्थित रहे। संगोष्ठी में विद्यार्थियों ने प्रदूषण नियंत्रण, स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग, और अग्नि सुरक्षा जैसे विषयों पर अपने विचार रखे अंत में रंगोली प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रबंधन समिति ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सृजनात्मकता, सामाजिक जिम्मेदारी और भारतीय संस्कृति के प्रति गर्व की भावना जागृत करते हैं। पूरे परिसर में दीपों की पंक्तियों और रंगों का झिलमिलाहट से अंधकार पर प्रकाश की विजय” का सजीव संदेश झलकता नजर आया।