UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

बीएचयू में शुरू होगा ‘योग फॉर सेल्फ डिसिप्लिन एंड सेल्फ अवेयरनेस’ कोर्स, 3 से 17 नवंबर तक चलेंगे सत्र*

Updated on: 17 June, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

*वाराणसी।* बीएचयू अपने शिक्षण और अनुसंधान कार्यक्रमों के साथ अब आत्मअनुशासन और जागरूकता के क्षेत्र में भी एक नई पहल करने जा रहा है। विश्वविद्यालय के भारत अध्ययन केंद्र के अंतर्गत ‘योग फॉर सेल्फ डिसिप्लिन एंड सेल्फ अवेयरनेस’ शीर्षक से एक शॉर्ट टर्म कोर्स शुरू किया जा रहा है। यह कोर्स 3 नवंबर से 17 नवंबर तक आयोजित होगा।

इस कोर्स का उद्देश्य प्रतिभागियों में आत्मसंयम, आत्म-जागरूकता और संतुलित जीवन शैली को विकसित करना है। कुल 24 सत्रों वाले इस कार्यक्रम में प्रत्येक सत्र एक घंटे का होगा। इनमें 12 थ्योरी और 12 प्रैक्टिकल सत्र शामिल होंगे। थ्योरी के माध्यम से प्रतिभागियों को योग दर्शन, अनुशासन और मनोवैज्ञानिक संतुलन की अवधारणाओं से अवगत कराया जाएगा, जबकि प्रैक्टिकल सत्रों में आसन, प्राणायाम और ध्यान जैसी योगिक विधाओं का अभ्यास कराया जाएगा।

भारत अध्ययन केंद्र के कोऑर्डिनेटर प्रो. सदाशिव कुमार द्विवेदी ने बताया कि कोर्स का लक्ष्य प्रतिभागियों को योग की सहायता से आत्मविकास और आत्मनियंत्रण की दिशा में अग्रसर करना है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन और आत्मा को संयमित करने का माध्यम है। कोर्स में बीएचयू के शिक्षक, छात्र, शोधार्थी के साथ-साथ बाहरी लोग और विदेशी प्रतिभागी भी हिस्सा ले सकेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। कोर्स शुल्क इस प्रकार निर्धारित किया गया है बीएचयू के रेग्युलर छात्र और अन्य संस्थानों के छात्र ₹1500, शिक्षक, शोधार्थी, कामकाजी व्यक्ति व अन्य प्रतिभागी: ₹3000, विदेशी और अप्रवासी भारतीय छात्र: 40 अमेरिकी डॉलर है। 

 

इच्छुक अभ्यर्थी 1 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस तरह के कोर्स युवाओं में न केवल आत्म-अनुशासन की भावना को मजबूत करेंगे, बल्कि तनावमुक्त और संतुलित जीवनशैली को भी प्रोत्साहित करेंगे।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News