संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। अलीगढ़ स्थित राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी में 11 से 15 मार्च तक आयोजित ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप में वाराणसी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी ओम यति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के 100 किलोग्राम से कम भार वर्ग में रजत पदक हासिल कर शहर और विद्यापीठ का नाम रोशन किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के 48 विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ,वाराणसी की चार सदस्यीय आर्मरेसलिंग टीम ने भी इसमें भाग लिया और ओम यति ने अपने दमदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। यह प्रतियोगिता Association of Indian Universities के तत्वावधान में आयोजित हुई, जिसमें तकनीकी सहयोग People's Armwrestling Federation India ने प्रदान किया। ओम यति की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार और वाराणसी में खुशी की लहर दौड़ गई।आरएमपीएसयू अलीगढ़ के कुलपति प्रो. एन.बी. सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं प्रतियोगिता के संयोजक व पाफी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. प्रवीण कुमार सिंह जादौन ने भी ओम यति की सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया। ओम यति के आर्मरेसलिंग कोच और पूर्व एशियन चैंपियन बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के डॉ. राहुल राज ने इसे महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और वाराणसी के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में वाराणसी के पंजा खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं,बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपना परचम लहराएंगे। इस उपलब्धि पर ओम यति के घर से लेकर मार्कण्डेय महादेव मंदिर तक बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। इस अवसर पर पुजारी उमेश गिरि,कोमल गिरि,अधिवक्ता सतीश सिंह (हाईकोर्ट),भावी जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी अभिनव मिश्रा,अध्यक्ष बजरंगी गिरि,पंकज गिरि श्याम नारायण गिरी उर्फ़ श्यामू बाबा उदयगिरि राजेश्वरी राजेश गिरी नितेश गिरी मुन्ना गिरी लल्लू बाबा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और ओम यति को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ओम यति की यह सफलता वाराणसी के युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है और यह साबित करती है कि मेहनत,लगन और सही मार्गदर्शन से किसी भी मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है।