पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ ब्यूरो चीफ विवेक सोनी
जौनपुर मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के काजीहद गांव में शनिवार दोपहर अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लगभग चार बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आकोपुर गांव निवासी प्रमोद कुमार सिंह के गाटा संख्या 13 स्थित खेत में दोपहर करीब 2 बजे अचानक आग लग गई। इस खेत में विजय नाथ, बाबू नाथ, सरस्वती, शिवांश और पूजा देवी भी सह-खातेदार हैं। आग लगने की सूचना मिलते ही प्रमोद कुमार सिंह सहित आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा और सूखी फसल के कारण आग तेजी से फैलती गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक पूरी फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई थी।सूचना मिलने पर करीब चार बजे हल्का लेखपाल शैलेंद्र सिंह और कानूनगो रमेश कुमार यादव अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू किया लेखपाल शैलेंद्र सिंह ने बताया कि लगभग चार बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई है। उन्होंने कहा कि घटना की रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जा रही है, ताकि प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाया जा सके।