पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ ब्यूरो चीफ विवेक सोनी
जौनपुर रामपुर विकास खंड रामपुर के ग्राम सभा सिधवन निवासी राम कुमार मिश्र का बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षा में एसडीएम (उप जिलाधिकारी) पद पर चयन होने से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनके चयन की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों तथा शुभचिंतकों ने बधाइयों का तांता लगा दिया।राम कुमार मिश्र, श्री रामाशंकर मिश्र के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के बल पर यह सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ग्रामीणों का कहना है कि राम कुमार की उपलब्धि गांव के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।इस संबंध में उनके बड़े पिता दयाशंकर मिश्र उर्फ नन्हेलाल मिश्र से बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि राम कुमार ने अपने बड़े भाई रुद्रेश मिश्रा(CGPCS )के नक्शेकदम पर चलते हुए कठिन परिश्रम और अनुशासित अध्ययन के माध्यम से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि परिवार को राम कुमार की इस सफलता पर गर्व है और यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।राम कुमार मिश्र के एसडीएम पद पर चयनित होने की सूचना मिलते ही ग्राम सभा सिधवन सहित आसपास के क्षेत्रों में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के गणमान्य लोगों, शिक्षकों, समाजसेवियों एवं ग्रामीणों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।ग्रामीणों का कहना है कि साधारण परिवार से निकलकर प्रशासनिक सेवा में चयनित होना युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। राम कुमार की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।