संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
चोलापुर थाना क्षेत्र के कटहलगंज चौराहे के पास सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। स्कॉर्पियो चालक वाहन सहित फरार हो गया। हालांकि टक्कर के दौरान गाड़ी की नंबर प्लेट घटनास्थल पर गिर गई। पुलिस नंबर प्लेट के आधार पर आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान महदेवा, उधोरामपुर निवासी काशीनाथ यादव (53) के रूप में हुई है। काशीनाथ यादव अपनी स्प्लेंडर बाइक से उधोरामपुर से वाराणसी स्थित आवास की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच कटहलगंज चौराहे के पास सामने स तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि काशीनाथ यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल से बरामद नंबर प्लेट के आधार पर वाहन और चालक की पहचान की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।