UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर खुद लगाई आग

Updated on: 28 July, 2026

पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी एक किशोर ने कथित तौर पर प्रेम प्रसंग में हुए विवाद के बाद खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे किशोर को उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, राजापुर गांव निवासी अमन राजभर (17) पुत्र रामनिवास राजभर का जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव की एक युवती से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। शुक्रवार को अमन किसी काम से हरसोस गांव गया था। इस दौरान वह अपने पट्टीदार की रिश्तेदारी वाले घर पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात युवती से हुई। बताया जाता है कि मुलाकात के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर अमन आवेश में आ गया। आरोप है कि उसने अपने पास मौजूद पेट्रोल अपने ऊपर डाल लिया और आग लगा ली। देखते ही देखते आग की लपटों ने उसे घेर लिया, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे अमन को उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक अमन का शरीर काफी हद तक झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों और अन्य लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आ रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। किशोर के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद दोनों गांवों में भी इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News