संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। तेजस्वानी स्ट्रॉन्ग वूमेन क्लब द्वारा महिला विशेष कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया,जिसमें महिला सशक्तिकरण,प्रतिभा और एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। क्लब के सफल 5 वर्षों के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम ने इसे और भी खास बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत ऊर्जा और उत्साह से भरपूर माहौल के साथ हुई। स्वागत संबोधन ने पूरे आयोजन को गरिमामय बना दिया, वहीं इस अवसर पर क्लब की उपलब्धियों और महिलाओं को सशक्त बनाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की गई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “She is Every Woman” रैम्प वॉक रहा,जिसमें महिलाओं के विभिन्न रूप—माँ,गृहिणी,डॉक्टर,शिक्षक,सेना अधिकारी आदि—को बेहद सुंदर और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक और प्रेरित दोनों किया। मनोरंजक खेल,सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और रंगारंग नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर क्लब की नई कार्यकारिणी टीम की भी घोषणा की गई। अध्यक्ष के रूप में मीनू उपाध्याय,उपाध्यक्ष सोनिया सचदेवा,सचिव सारिका अग्रवाल का नाम घोषित किया गया। नई टीम का स्वागत तालियों की गूंज के साथ किया गया और उनके नेतृत्व में क्लब के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। पिछले पांच वर्षों से तेजस्वानी स्ट्रॉन्ग वूमेन क्लब महिलाओं को एक ऐसा मंच प्रदान कर रहा है,जहां वे अपनी प्रतिभा,आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को निखार सकें। यह क्लब केवल एक संगठन नहीं,बल्कि महिलाओं के लिए एक प्रेरणादायक परिवार बन चुका है। कार्यक्रम में फाउंडर रश्मि राय,मीना द्विवेदी,पूजा मध्धोक,सोनिया बसिन,संगीता अग्रवाल,एकता कपूर,पूजा दीक्षित सहित अनेक महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।