संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पत्र सूचना कार्यालय,वाराणसी द्वारा “केंद्र सरकार के 12 साल – विश्वास के,विकास के, जनकल्याण के” विषय पर एक भव्य मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वाराणसी सहित पूर्वांचल के 100 से अधिक मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में काशी सहित पूरे देश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं,जिनका सकारात्मक प्रभाव आम जनजीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। उन्होंने कृषि क्षेत्र में हुए व्यापक बदलावों का उल्लेख करते हुए बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग का बजट 27 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 1.40 लाख करोड़ रुपये हो गया है तथा पीएम-किसान योजना के माध्यम से किसानों को 4.28 लाख करोड़ रुपये से अधिक की प्रत्यक्ष सहायता प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सड़क,परिवहन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए विकास ने देश की कनेक्टिविटी को नई गति दी है। वाराणसी को गाजीपुर,गोरखपुर,आजमगढ़,प्रयागराज,मिर्जापुर और सोनभद्र सहित विभिन्न जिलों से बेहतर सड़क संपर्क प्राप्त हुआ है, जिससे क्षेत्रीय विकास को बल मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना,उज्ज्वला योजना,स्वच्छ भारत मिशन,आयुष्मान भारत तथा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार किया है। रवीन्द्र जायसवाल ने कहा कि “विकास भी,विरासत भी” के मंत्र को साकार करते हुए काशी विश्वनाथ धाम,महाकाल लोक और केदारनाथ धाम का पुनर्विकास तथा अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण किया गया है,जिससे देश की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक पर्यटन को नई ऊर्जा मिली है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में महिला सशक्तिकरण,गरीब कल्याण,आधारभूत संरचना,रक्षा और विदेश नीति के क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ,प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना,जननी सुरक्षा योजना तथा आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण को नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों,लखपति दीदी और नमो ड्रोन दीदी जैसी पहलों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।महापौर ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों की यात्रा केवल योजनाओं और आंकड़ों की नहीं,बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास,परिश्रम और आकांक्षाओं की यात्रा है। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की दिशा में महिला सशक्तिकरण,किसान कल्याण,सामाजिक उत्थान,सांस्कृतिक पुनर्जागरण और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प मजबूत आधार तैयार कर रहा है।वाराणसी जंक्शन के स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने भारतीय रेलवे में हुए व्यापक बदलावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रेलवे के लिए बजटीय सहायता वर्ष 2014-15 के 32 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 2.78 लाख करोड़ रुपये हो गई है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत स्लीपर सेवा और अमृत भारत ट्रेनों का संचालन रेलवे आधुनिकीकरण का प्रतीक है। रेलवे प्रतिदिन दो करोड़ से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचा रही है तथा देशभर में रेलवे स्टेशनों का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार अरुण मिश्रा ने लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मीडिया समाज और सरकार के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करती है। पत्रकार जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर शासन-प्रशासन को जवाबदेह और संवेदनशील बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। कार्यक्रम के संयोजक एवं पत्र सूचना कार्यालय तथा केंद्रीय संचार ब्यूरो के निदेशक दिलीप कुमार शुक्ल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस वार्तालाप कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों,विकासात्मक पहलों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मीडिया के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी अतिथियों,वक्ताओं और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यशाला में उपस्थित पत्रकारों ने भी केंद्र सरकार द्वारा देश के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए कार्यों पर अपने विचार रखे तथा पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों,विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।