संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
अतुल राय
वाराणसी -- भारत संचार निगम लिमिटेड द्वारा अप्रैल माह को उपभोक्ता सेवा माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य अपने उपभोक्ताओं को बेहतर सेवायें उपलब्ध कराना तथा अपनी कमियों को दूर करते हुए बीएसएनएल को मजबूती प्रदान करना है। बीएसएनएल मजबूत स्थिति में होगा तो दूरसंचार सेक्टर में उपभोक्ताओं को किफायती दरों पर बेहतर सेवाएं सुनिश्चित की जा सकेंगी। सेवा माह के दौरान उपभोक्ताओं की समस्याओं का तत्काल एवं त्वरित निदान करने का प्रयास किया जाएगा। उक्त बातें शनिवार को शिवपुरवा स्थित बीएसएनएल महाप्रबंधक कार्यालय में शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान बीएसएनएल के महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने कही। उन्होंने बताया कि सेवा माह के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के द्वारा उपभोक्ताओं की शिकायतों एवं सुविधाओं के आधार पर सेवाओं को और भी बेहतर करने के लिए रूपरेखा एवं योजना बनाते हुए क्रियान्वयन किया जाएगा। इस माह के दौरान हम फाल्ट को 24 घंटे में ठीक करने तथा नए कनेक्शन को 72 घंटे में खोले जाने का लक्ष्य रखा है। मोबाइल नेटवर्क की समस्याओं को दूर करने के लिए ड्राइव टेस्ट किया जाएगा तथा नेटवर्क की खराबी को ठीक करते हुए सेवाओं को और भी बेहतर किया जाएगा। विशेष अभियान चलाकर अभी तक की लंबित समस्याओं का अगले तीन से सात दिनों में निराकरण करवा दिया जाएगा। मोबाइल नेटवर्क में 4G अपग्रेडेशन के प्रथम चरण का कार्य 20 अप्रैल तक पूरा होने के पश्चात अगले चरण का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। जिसके तहत बाकी सभी 200 बीटीएस को 4G में दिसंबर माह तक अपग्रेड कर दिया जाएगा। सेचुरेशन प्रोजेक्ट के 48 में से 40 टावर चालू किया जा चुके हैं। शेष को इस माह के अंत तक चालू कर दिया जाएगा। नौगढ़ व सोनभद्र के दूरदराज के क्षेत्रों के एलडब्ल्यूई टावरों का इंफ्रा अपग्रेड करते हुए इनको भी दिसंबर माह तक 4G में अपग्रेड कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया की वाराणसी में 4G नेटवर्क में पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक ट्रैफिक हैंडल किया जा रहा है। गाजीपुर तथा मिर्जापुर में भी सेवाओं में सुधार आने के फलस्वरूप डाटा ट्रेफिक दो गुना से ज्यादा बढ़ा है। यही स्थिति भारत फाइबर इंटरनेट डाटा ट्रैफिक के लिए भी है। हम किसी भी अन्य जिले की तुलना में लगभग दो गुना ट्रैफिक हैंडल कर रहे हैं। हमें आशा है कि बीएसएनएल शीघ्र ही सेवाओं और सुविधाओं को और भी बेहतर सेवा देने तथा अधिक संख्या में उपभोक्ताओं को जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएगा।