पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता ज़ायेद शेख
जौनपुर मुंगराबादशाहपुर महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। क्षेत्राधिकारी मछलीशहर प्रतिमा वर्मा ने वार्ता के दौरान स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है उन्होंने कहा कि क्षेत्र में एंटी-रोमियो स्क्वाड लगातार सक्रिय है। पीआरवी वाहन 24 घंटे गश्त कर रहे हैं और सभी थानों में स्थापित वीमेन हेल्प डेस्क महिलाओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह कार्यरत हैं।सीओ प्रतिमा वर्मा ने ‘मिशन शक्ति’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर महिला ही एक सशक्त समाज की नींव रखती है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक थाने में ‘मिशन शक्ति केंद्र’ स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना और निस्तारित किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि महिला बीट आरक्षियों द्वारा स्कूलों और कॉलेजों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। छात्राओं को 1090 विमेन पावर लाइन, 112 आपातकालीन सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी जा रही है। साथ ही आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर सतर्क रहने का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस-जन सहयोग से ही सुरक्षित वातावरण बनाया जा सकता है। अंत में उन्होंने दोहराया कि महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस का परम कर्तव्य है और इसके लिए पुलिस विभाग पूरी निष्ठा व सजगता के साथ कार्य कर रहा है।