संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सारनाथ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में थानाध्यक्ष सारनाथ पंकज कुमार त्रिपाठी की पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 14 कीमती मोबाइल फोन और ₹48,100 नकद बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशन राजभर पुत्र अमरनाथ राजभर,निवासी बेनीपुर,थाना सारनाथ,वाराणसी तथा अविनाश दीक्षित पुत्र हरेंद्र दीक्षित,निवासी अशोक विहार कॉलोनी,थाना सारनाथ,वाराणसी के रूप में हुई है। बुधवार को दोनों आरोपियों को मीडिया के समक्ष पेश करते हुए डीसीपी वरुणापार प्रमोद कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी किशन राजभर ने पुलिस को बताया कि वह चंदौली हाईवे के किनारे खड़े भारी वाहनों के चालकों के पास से मोबाइल फोन चोरी करता था और चोरी किए गए मोबाइल अविनाश दीक्षित को कम कीमत पर बेच देता था। पुलिस के मुताबिक,चोरी किए गए मोबाइल फोन बेचने के लिए जाते समय पुलिस टीम ने घेराबंदी कर किशन राजभर को गिरफ्तार किया। पूछताछ एवं निशानदेही के आधार पर दूसरे आरोपी अविनाश दीक्षित को भी गिरफ्तार कर लिया गया। सारनाथ पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की। कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया,जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक राहुल यादव, उपनिरीक्षक सौरव पति त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल दिलीप यादव, हेड कांस्टेबल पंकज सिंह, कांस्टेबल रवि गौतम, कांस्टेबल सुमित सिंह, कांस्टेबल गोविन्द कुमार एवं कांस्टेबल विवेक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।