संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
अतुल राय
वाराणसी। उत्तर प्रदेश की हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड में वाराणसी को एकबार फिर से प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। नवंबर में जारी अक्टूबर माह की डैशबोर्ड रैंकिंग में जनपद ने 77 फ़ीसदी अंक हासिल किए हैं। इसी के साथ ही जनपद में माह अक्टूबर की यूपी हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड में पहला स्थान प्राप्त किया है। उक्त जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संदीप चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि हाल ही में यूपी की हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड( नवंबर 2024) में सभी जनपदों की रैंकिंग प्रदर्शित की गई,जिसमें वाराणसी प्रदेश में एक बार फिर से पहले स्थान पर निकला। इस वित्तीय वर्ष में वाराणसी की अब तक की उपलब्धि 68फीसदी है,जबकि पिछले माह की उपलब्धि74फीसदी थी। प्रदेश की इस वर्ष की अब तक की उपलब्धि54फीसदी है, जबकि इस माह की उपलब्धि 61 फ़ीसदी है। इस तरह से देखा जाए तो वाराणसी की स्थिति प्रदेश की उपलब्धि से काफी बेहतर है। उन्होंने बताया कि मासिक डैशबोर्ड के अनुसार वाराणसी ने सिजेरियन में बेहतर प्रदर्शन करते हुए करीब 61 फ़ीसदी अंक हासिल किए हैं। आशा कार्यकर्ताओं का भुगतान समय पर किया जा रहा है। नियमित व संपूर्ण टीकाकरण परिवार नियोजन की अस्थाई साधनों,गर्भावस्था में प्रसव पूर्व जांच गृह आधारित नवजात शिशु देखभाल टीबी नोटिफिकेशन,गर्भावस्था के दौरान एचआईवी की जांच समेत 16 संकेतकों पर भी बेहतर प्रदर्शन किया जा रहा है। सभी 10प्रथम संदर्भन इकाइयों पर प्रसव व प्रसव पूर्व जांच संबंधी सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। सीएमओ ने कहा कि जनपद के सभी राजकीय चिकित्सालयों,सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों,आयुष्मान आरोग्य के मंदिर एवं स्वास्थ्य उपकेंद्र पर मातृ शिशु स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कार्यक्रम की गुणवत्तापूर्ण चिकित्सकीय व स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इसके लिए समस्त चिकित्सा अधिकारी,चिकित्सा स्वास्थ्यकर्मी एवं आशा कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं। सीएमओ ने बताया कि नवंबर माह में अक्टूबर माह की जारी हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड में ब्लॉक स्तर पर काशी विद्यापीठ पीएचसी को पहला,चोलापुर को दूसरा और पिण्डरा को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। हरहुआ पीएचसी को चौथा,सेवापुरी को पांचवां आराजी लाइन सीएचसी को छठवां,बड़ागांव को सातवां,चिरयीगांव को आठवां और शहरी इकाई को नौवां स्थान मिला है। जिन ब्लॉक की स्थिति निराशाजनक है उन्हें कार्य के प्रति गंभीरता दिखाने के लिए निर्देशित किया गया है।