संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
*हरहुआ*।सरस्वती उच्च शिक्षा एवं तकनीकी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गहनी, आयर में शुक्रवार "नारी शक्ति पदयात्रा" का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की लगभग 300 छात्राओं और शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी की।
इस अवसर पर डॉ. ज्ञान्ती सिंह, डॉ. कुसूमलता सिंह, डॉ. पुष्पा मिश्रा, डॉ. तृप्ति सिंह, रानी पाण्डेय, डॉ. रूबी, डॉ. श्वेता प्रसन्ना संत और सुश्री अदिति सिंह सहित समस्त संकाय सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को समाज में अपनी भूमिका समझने और सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।
पदयात्रा के दौरान छात्राओं ने जागरूकता संदेश वाले बैनर और पोस्टर प्रदर्शित किए। उन्होंने मानव श्रृंखला बनाकर एकजुटता और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। कक्षाओ में प्रोजेक्टर के माध्यम से महिलाओं के अधिकार, शिक्षा और सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता फैलाने के लिए बैनरों का उपयोग किया गया, ताकि लोगों को महिलाओं के अधिकारों और उनके महत्व से अवगत कराया जा सके। इसके अतिरिक्त, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों और महिलाओं के प्रति भेदभाव पर प्रकाश डाला गया, जिसकी सराहना की गई।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश यह था कि आज की नारी किसी भी क्षेत्र मे पीछे नही है। वह समाज के हर क्षेत्र मे पुरुषो के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है और हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है। यह भी बताया गया कि नारी शक्ति देश के विकास की आधारशिला है और भारत के निर्माण में उसकी सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
अंत में, महाविद्यालय परिवार ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।