संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के वाणिज्य विभाग में कार्यरत सुश्री खुशी सिंह ने खेल जगत में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए मंडल और रेलवे का नाम रोशन किया है। उन्होंने 19 मार्च से 22 मार्च 2026 तक मध्यप्रदेश के सतना स्थित स्टेडियम में आयोजित 5वीं सीनियर फेडरेशन कबड्डी प्रतियोगिता-2026 में पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे की महिला कबड्डी टीम की ओर से खेलते हुए खुशी सिंह ने हरियाणा की टीम के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। इस मुकाबले में भारतीय रेलवे की टीम ने 34-24 के अंतर से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया। हाल ही में सम्पन्न हुई इस प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे की पुरुष एवं महिला दोनों कबड्डी टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैम्पियनशिप अपने नाम की। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में सभी विजेता खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में मेजबान राज्य मध्यप्रदेश के अलावा 72वीं सीनियर राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप की शीर्ष 8 टीमों ने हिस्सा लिया, जिससे प्रतियोगिता का स्तर अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक रहा। सुश्री खुशी सिंह की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन,वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक एवं क्रीड़ा अधिकारी बलेंद्र पाल तथा वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। खुशी सिंह की यह सफलता न केवल वाराणसी मंडल बल्कि पूरे पूर्वोत्तर रेलवे के लिए गर्व का विषय है और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत भी है।