UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

सेन्ट्रल जेल में महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयन्ती हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 

Updated on: 03 October, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी --केंद्रीय कारागार वाराणसी में शुक्रवार को दो महान भूत विभूतियों राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री जी का जन्मदिवस एक साथ मनाया गया। इस मौके पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधा कृष्ण मिश्र द्वारा दोनों विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण करते हुए मुख्य द्वार पर ध्वजारोहण किया गया। माल्यार्पण के उपरांत कारागार के इग्नू हॉल में दोनों विभूतियों द्वारा किए गए राष्ट्र के प्रति महान कार्यों को याद करते हुए उन्होंने बन्दियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा आन्दोलन से अंग्रेजी हुकूमत को भारत छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने सत्ता व लोभ किये बिना ना केवल भारत माता को गुलामी से आजाद करवाया बल्कि देश को प्रगति की ओर बढ़ने का मार्ग भी प्रशस्त कराया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री के बारे में उन्होंने कहा कि एक गरीब परिवार में जन्म लेने वाले शास्त्री जी ने गरीबी को अपनी तथा राष्ट्र की प्रगति में कभी बाधक नहीं बनने दिया। उनके द्वारा दिए गए जय जवान, जय किसान के नारे ने अखंड भारत की नीव डाल दी। वरिष्ठ कारागार अधीक्षक ने कहा कि हमारे लिए राष्ट्र प्रथम होना चाहिए। हमें आपसी वैमनस्यता भूलकर जाति,धर्म,सम्प्रदाय,लिंग से उपर उठकर आपस में मिलकर अपने राष्ट्र के लिए जीना होगा एवं अपनी आने वाली नई पीढ़ी को इसके बारे में बताना होगा जिससे नई पीढ़ी में देश प्रेम का जज्बा बना रहे। कारागार के मुख्य द्वार पर वरिष्ठ कारागार अधीक्षक द्वारा स्वच्छकारों को शाल भेंट कर तथा कारागार में निरुद्ध बन्दी स्वच्छकारों को तौलिया भेंट कर सम्मानित किया गया। गैर सरकारी संस्था लायन्स क्लब बुद्धा वाराणसी द्वारा बन्दियों को दवाइयां, चप्पल, ग्लूकोमीटर व दिव्यांग व्यक्तियों हेतु वाकर अनुदानित किया गया। इस संस्था द्वारा कारागार में निरुद्ध बन्दियों को 114 चश्मा वितरित किया गया। जिन बन्दियों का विगत शनिवार को नेत्र परीक्षण कराया गया था। इसके लिए अधीक्षक राधा कृष्ण मिश्र द्वारा डॉक्टर एसपी सिंह, डॉक्टर राजीव शुक्ला व संस्था के अन्य सदस्यों के प्रति आभार प्रकट किया गया। इसके साथ ही शुक्रवार को महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जी के जन्मदिवस के अवसर पर सीटी मजिस्ट्रेट वाराणसी महेंद्र कुमार सिंह द्वारा कारागार के अस्पताल में भर्ती होकर उपचारित एवं दिव्यांग बन्दियों को फल वितरित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ एल के त्रिपाठी, जेलर अखिलेश कुमार,डिप्टी अखिलेश कुमार मिश्र, अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, अयोध्या प्रसाद, भोजराज, अमिता श्रीवास्तव, फार्मासिस्ट संदीप खरे व अन्य अधिकारी व कर्मचारी गण उपस्थित रहे।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News