संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी, 29 सितम्बर, 2026: मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी श्री आशीष जैन के निर्देश पर एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.जे.चौधुरी की अध्यक्षता में विश्व हृदय दिवस के अवसर पर आज 29 सितम्बर, 2026 को मंडल चिकित्सालय, वाराणसी में हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी में अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक श्री आर. आर. सिंह, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. कल्पना दूबे सहित मंडल चिकित्सालय के पैरामेडिकल कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता डॉ. अमरनाथ ने हृदय रोगों की रोकथाम, उनके प्रमुख जोखिम कारकों की पहचान तथा समय पर उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल हृदय रोगों के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल हैं। इन स्वास्थ्य समस्याओं के प्रारंभिक चरण में कई बार स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते हैं। ऐसी स्थिति में नियमित स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक स्क्रीनिंग कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
डॉ. अमरनाथ ने कहा कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार का सेवन, नियमित शारीरिक गतिविधि, तंबाकू एवं धूम्रपान से दूरी तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाना आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।