UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

बीमारी के बावजूद ड्यूटी कराने का आरोप, दिव्यांशी की मौत के बाद KGMU में छात्रों का धरना

Updated on: 25 September, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी/लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), लखनऊ में बीएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष की छात्रा दिव्यांशी यादव की मौत के बाद मामला गरमा गया है। दिव्यांशी के पिता विजय यादव ने वाराणसी स्थित अपने निवास पर आरोप लगाते हुए KGMU प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, छात्रा की मौत के बाद KGMU के नर्सिंग छात्रों ने कैंडल मार्च निकालकर धरना-प्रदर्शन किया।

पिता विजय यादव का आरोप है कि उनकी बेटी पहले से बीमार थी, इसके बावजूद बीमारी की अवस्था में उससे ड्यूटी कराई गई। उनके अनुसार, इससे दिव्यांशी की तबीयत और बिगड़ गई तथा संक्रमण बढ़ता चला गया। उन्होंने बताया कि साथी छात्र-छात्राओं से बेटी की तबीयत बेहद खराब होने की सूचना मिलने के बाद परिजन लखनऊ पहुंचे और दिव्यांशी को वाराणसी स्थित घर लेकर आए। इसके बाद उसका उपचार कराया गया और बाद में उसे काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।परिजनों के अनुसार, जांच के दौरान दिव्यांशी के टाइफाइड से पीड़ित होने की जानकारी सामने आई थी। आरोप है कि बीमारी के दौरान ही उसकी ड्यूटी लगाई गई। बाद में उसे डेंगू होने की भी बात सामने आई। परिजनों का आरोप है कि समय से समुचित जांच और उचित उपचार नहीं मिलने के कारण उसकी हालत गंभीर होती चली गई।बताया गया कि 11 सितंबर 2026 को दिव्यांशी को बुखार आया था और उस समय वह KGMU में ही थी। इसके बाद उसने मेडिकल लीव के लिए आवेदन करते हुए 15 सितंबर तक अवकाश मांगा था। परिजनों का आरोप है कि उसका अवकाश स्वीकृत नहीं किया गया। 16 सितंबर को उसे ओपीडी में दिखाने की अनुमति मिली, जिसके बाद दवा और इलाज शुरू हुआ।शिकायत के अनुसार, 17 सितंबर को दिव्यांशी की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसके साथ पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे लखनऊ से वाराणसी स्थित घर लेकर आए। उपचार के बाद उसे BHU में भर्ती कराया गया, जहां 19 सितंबर 2026 की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।दिव्यांशी की मौत की सूचना KGMU में पहुंचने के बाद नर्सिंग छात्रों में आक्रोश फैल गया। छात्रों ने छात्रावास परिसर में कैंडल मार्च निकालने के बाद धरना-प्रदर्शन किया। छात्रों ने मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वाराणसी स्थित अपने निवास पर पिता विजय यादव ने कहा कि बेटी की मौत का सदमा परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि बीमारी के दौरान उनकी बेटी की ड्यूटी नहीं लगाई जाती और समय से समुचित उपचार मिलता तो परिस्थितियों की अलग तरह से जांच की जा सकती थी। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि बीमारी के दौरान दिव्यांशी की ड्यूटी किन परिस्थितियों में लगाई गई और उसके इलाज में किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं।दिव्यांशी की मां संजू यादव ने भी कार्रवाई की मांग को लेकर राज्यपाल, मुख्यमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक को पत्र भेजा है। पत्र के माध्यम से चिकित्सा विभाग के महानिदेशक स्तर से जांच कराने की मांग की गई है।परिजनों और छात्रों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। मामले में KGMU प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News