संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज
विनोद नाथ यति
'विकसित भारत 2047' की परिकल्पना एवं सेवा सप्ताह के उपलक्ष्य में चोलापुर स्थित ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल में 'मेरे सपनों का भारत' विषय पर विभिन्न स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजित क्विज, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता में चोलापुर ब्लॉक के विभिन्न राजकीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) चोलापुर नागेंद्र सरोज, अजगरा विधायक त्रिभुवन राम के प्रतिनिधि, ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मनोज कुमार जायसवाल, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष ज्योति प्रकाश एवं नोडल शिक्षक संकुल पवन सिंह द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत कक्षा 9 से 12 वर्ग के विद्यार्थियों के लिए क्विज, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, वहीं कक्षा 6 से 8 वर्ग के विद्यार्थियों ने चित्रकला में अपनी कलात्मक प्रतिभा दिखाई।
समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में शील्ड, मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मनोज कुमार जायसवाल द्वारा सभी प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में खंड शिक्षा अधिकारी नागेंद्र सरोज ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसी प्रतियोगिताएं अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को इन स्पर्धाओं के लिए विशेष रूप से तैयार करें।
कार्यक्रम का सफल संचालन अजीत कुमार सिंह ने किया, जबकि उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद सिंह ने अंत में सभी नवागत अतिथियों, शिक्षकों व विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व एआरपी भारतीश मिश्र, ब्लॉक मंत्री रमेश यादव, नोडल शिक्षक संकुल बसंत यादव, योगेंद्र यादव, राजेश यादव, आजाद, लोकेश, विनोद, समर बहादुर, राजीव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।