संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी),वाराणसी (उत्तर प्रदेश) द्वारा आयोजित मीडिया टूर के तहत पुडुचेरी पहुंचे वरिष्ठ पत्रकारों के दल ने बुधवार को लोक निवास में पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उपराज्यपाल ने पुडुचेरी के विकास,केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा भविष्य की विकास रणनीति को लेकर पत्रकारों से विस्तार से संवाद किया।
मेडिकल,टूरिज्म और एजुकेशन हब के रूप में विकसित होगा पुडुचेरी वार्ता के दौरान उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने पुडुचेरी की भौगोलिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं को उसकी बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि केंद्र शासित प्रदेश के समग्र विकास के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार किया गया है। प्रशासन का प्रमुख लक्ष्य पुडुचेरी को देश के प्रमुख मेडिकल हब, टूरिज्म हब और एजुकेशन हब के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि पुडुचेरी की प्राकृतिक सुंदरता,समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विशिष्ट भौगोलिक स्थिति को विकास की नई संभावनाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर से खुलेंगे विकास और रोजगार के नए द्वार
उपराज्यपाल ने बताया कि पुडुचेरी में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। बेहतर रेल कनेक्टिविटी, अत्याधुनिक एयरपोर्ट और विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ नए उद्योगों और निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के विजन की सराहना वाराणसी से आए पत्रकारों के साथ संवाद के दौरान उपराज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकासपरक दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कार्यशैली और विकास को लेकर उनकी सोच व्यापक है तथा वे देश के विभिन्न क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर निरंतर जोर देते हैं।
उन्होंने गुजरात में हुए विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए और अब राष्ट्रीय स्तर पर भी बड़े पैमाने पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उपराज्यपाल ने कहा कि देश में इंफ्रास्ट्रक्चर,कनेक्टिविटी और जनकल्याण से जुड़े क्षेत्रों में हो रहे बदलाव विकास की नई संभावनाएं तैयार कर रहे हैं। विकासात्मक पत्रकारिता पर भी हुआ सार्थक संवाद
मीडिया टूर के दौरान वाराणसी से पहुंचे पत्रकारों ने पुडुचेरी में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं को करीब से देखा। पत्रकार दल ने विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासन की विकास रणनीति को समझा।
इस अवसर पर उपराज्यपाल के साथ विकासात्मक पत्रकारिता,जनहित की योजनाओं और पुडुचेरी के भविष्य के विकास रोडमैप को लेकर सकारात्मक एवं सार्थक संवाद हुआ। पत्रकारों ने पुडुचेरी की विकास यात्रा और संभावनाओं को देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका पर भी अपने विचार साझा किए।