UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

रक्तवीरों के सम्मान से बढ़ा रक्तदान का हौसला

Updated on: 15 September, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी। मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए इंडियन केयर सोशल फाउंडेशन की ओर से रक्तदान के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले रक्तवीरों के सम्मान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करने के साथ समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए अधिक से अधिक लोगों को आगे आने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संतोष सिंह ने रक्तवीरों के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की महान सेवाओं में से एक है। समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। रक्तदाता निस्वार्थ भाव से अपना रक्त देकर मानवता की सेवा करते हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायी है। इंडियन केयर सोशल फाउंडेशन की चेयरमैन एवं समाजसेवी शबा खान ने कहा कि रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वस्थ एवं योग्य लोगों को आगे बढ़कर रक्तदान करना चाहिए और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदाताओं का सम्मान केवल उनका उत्साह बढ़ाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी मानव सेवा के लिए प्रेरित करने का सशक्त संदेश है। समारोह के दौरान रक्तदान के क्षेत्र में योगदान देने और लोगों को जागरूक करने वाले सोनी इलाही,जयप्रकाश सिंह,बिस्मिल्ला अंसारी,सुरुभान सिंह,फैज़ल अहमद,फरीद,सुल्तान खान सहित अन्य रक्तवीरों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने रक्तदान के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता फैलाने तथा जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान की एक छोटी-सी पहल किसी परिवार के लिए बड़ी उम्मीद बन सकती है।इंडियन केयर सोशल फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि संस्था भविष्य में भी रक्तदान,महिला सशक्तिकरण,शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी। संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाने के साथ मानव सेवा की भावना को और मजबूत करना है।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News