संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
विनोद नाथ यती
वाराणसी। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी),वाराणसी की ओर से वाराणसी एवं आसपास के जिलों के 13 सदस्यीय पत्रकारों का दल रविवार को तमिलनाडु की छह दिवसीय यात्रा पर रवाना हुआ। यात्रा के दौरान पत्रकार दल तमिलनाडु में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लेगा। दल लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के प्रभाव और उनके अनुभवों को भी समझेगा। दल का नेतृत्व कर रहे पीआईबी वाराणसी से के मीडिया एवं संचार अधिकारी प्रशांत कक्कड़ ने बताया कि इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं की जमीनी हकीकत को समझना और उसे आम लोगों तक तथ्यपरक एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान पत्रकारों को तमिलनाडु की समृद्ध कला,संस्कृति,परंपराओं और सामाजिक जीवन से परिचित होने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह यात्रा ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से विभिन्न राज्यों के पत्रकारों एवं लोगों के बीच आपसी संवाद,सांस्कृतिक समझ और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। छह दिवसीय यात्रा के दौरान पत्रकार दल तमिलनाडु के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों,स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित हितधारकों से संवाद करेगा और वहां की विकासात्मक गतिविधियों को करीब से समझेगा।