UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर सर्राफा व्यवसायी से लाखों की लूट का प्रयास, ग्रामीणों की बहादुरी से तीन बदमाश दबोचे

Updated on: 20 July, 2026

पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता आशुतोष मिश्रा 

जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालापुर पुरानी बाजार में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बोलेरो सवार पांच बदमाश खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर एक सर्राफा व्यवसायी की दुकान पर पहुंचे और जांच के नाम पर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण समेटने लगे। लेकिन व्यवसायी की सूझबूझ और ग्रामीणों की दिलेरी से तीन बदमाश मौके पर ही दबोच लिए गए, जबकि दो आरोपी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार हो गए।जानकारी के अनुसार, रविवार अपराह्न करीब 3 बजे एक बोलेरो से पहुंचे पांच लोगों ने गोपालापुर पुरानी बाजार निवासी दिनेश बरनवाल की सर्राफा दुकान पर स्वयं को इनकम टैक्स विभाग का अधिकारी बताते हुए कथित पहचान पत्र दिखाया। इसके बाद उन्होंने जांच का हवाला देकर दुकान के लॉकर से सोने-चांदी के गहने निकलवाए और उन्हें एक बैग में भरना शुरू कर दिया।आरोप है कि विरोध करने पर बदमाशों ने सर्राफा व्यवसायी दिनेश बरनवाल और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, व्यवसायी के लाइसेंसी रिवाल्वर को भी अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। रिवाल्वर जब्त किए जाने पर व्यवसायी को बदमाशों की मंशा पर शक हुआ और उन्होंने अपनी पत्नी के साथ शोर मचाना शुरू कर दिया।चीख-पुकार सुनते ही आसपास के व्यापारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए तथा बदमाशों को घेरकर ललकारा। भीड़ को देख दो आरोपी पैदल ही फरार हो गए, जबकि तीन बदमाशों को ग्रामीणों ने बोलेरो समेत पकड़ लिया। सूचना मिलने पर रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ के साथ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।प्राथमिक जांच में पुलिस ने जब बोलेरो के नंबर की जांच की तो वह बाइक का पंजीकरण नंबर निकला, जिससे फर्जीवाड़े की आशंका और गहरा गई। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। समाचार लिखे जाने तक गोपालापुर के व्यापारी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में रामपुर थाने पर मौजूद रहे और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते रहे पुलिस फरार दो आरोपियों की तलाश में जुटी है तथा बरामद फर्जी पहचान पत्र, बोलेरो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News