संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल के 42वें अधिष्ठापन समारोह का आयोजन होटल सूर्या, कैंटोनमेंट में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प, न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल रहे।
समारोह का मुख्य आकर्षण रोटेरियन डॉ. रितु गर्ग द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल की अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण रहा। क्लब के 42 वर्ष के इतिहास में पहली बार किसी महिला ने अध्यक्ष पद का दायित्व संभाला, जिसे सभी उपस्थित सदस्यों ने ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. रितु गर्ग ने कहा कि रोटरी केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सेवा, नेतृत्व और मानवता का वैश्विक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में स्थायी एवं सकारात्मक परिवर्तन (क्रिएट लास्टिंग इम्पैक्ट ) लाना है। उन्होंने कहा, "हमारी पहचान हमारे पदों से नहीं, बल्कि हमारी सेवा से होगी। हम केवल परियोजनाएँ नहीं करेंगे, बल्कि लोगों के जीवन में आशा, विश्वास और परिवर्तन का संचार करेंगे।"
डॉ. रितु गर्ग ने वर्ष 2026-27 के लिए क्लब की प्राथमिकताओं की घोषणा करते हुए कहा कि क्लब स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवा नेतृत्व, पर्यावरण संरक्षण, सदस्यता विस्तार, रोटरी फाउंडेशन तथा सुदृढ़ फेलोशिप पर विशेष ध्यान देगा। डॉ. रितु गर्ग ने सभी सदस्यों से आह्वान करते हुए कहा कि "जब 'मैं' से 'हम' की यात्रा शुरू होती है, तभी रोटरी का वास्तविक स्वरूप सामने आता है। आइए, हम सब मिलकर सेवा को एक नई ऊँचाई दें और ऐसा कार्य करें, जिसे समाज वर्षों तक याद रखे।" अपने संबोधन में डॉ. रितु गर्ग ने अगस्त 2026 में बाराणसी में आयोजित होने वाली डिस्ट्रिक्ट इंटरसिटी में सभी क्लबों एवं रोटेरियनों को आमंत्रित करते हुए कहा कि काशी केवल दुनिया का सबसे प्राचीन जीवंत नगर ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिकता, संस्कृति और सेवा की प्रेरणा का केंद्र है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह इंटरसिटी पूरे डिस्ट्रिक्ट के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव सिद्ध होगी।
मुख्य अतिथि श्री रविन्द्र जायसवाल ने अपने संबोधन में रोटरी द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रोटरी जैसी संस्थाएँ सरकार और समाज के बीच सकारात्मक सेतु का कार्य करती हैं। और विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. रितु गर्ग के नेतृत्व में क्लब सेवा, नवाचार एवं सदस्य सहभागिता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। समारोह में वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी ने भी शपथ ग्रहण की। रोटेरियन ललित गुप्ता ने सचिव, रोटेरियन सीए रवि कुमार सिंह ने कोषाध्यक्ष तथा अन्य पदाधिकारियों ने अपने-अपने दायित्व ग्रहण किए।
कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों, विभिन्न रोटरी क्लबों के पदाधिकारियों, मनोज जाजोदिया, अनिल जाजोदिया, संजय गुप्ता अजय जायसवाल, संतोष अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, अजय गौतम, संतोष सोनी, पंकज अग्रवाल, राजेंद्र मोहन शाह, प्रदीप अग्रवाल, चुन्नी लाल पटेल मनीष लोहिया, सी पी सिंह आदि रोटेरियनों एवं उनके परिवारों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। समारोह का संचालन शिशिर उपाध्याय और गजानंद जोशी ने प्रभावी ढंग से किया गया तथा अंत में सभी अतिथियों के प्रति आभार रवि सिंह ने व्यक्त किया गया।
मुख्य संदेश "हम केवल सेवा नहीं करेंगे, बल्कि समाज में ऐसा स्थायी प्रभाव छोड़ेंगे, जिसे आने वाली पीड़ियाँ महसूस करेंगी। यही है रोटरी का संकल्प-Create Lasting Impact."