संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
*हरहुआ*। बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत हरहुआ चौकी के काजीसराय में सोमवार को वाराणसी-बाबतपुर फोरलेन पर डंपर और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। ट्रक हरिद्वार से पतंजलि का सामान लेकर ओडिशा जा रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का स्टेरिंग क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।प्रतापगढ़ निवासी ट्रक चालक प्रमोद हादसे में सुरक्षित बच गया। घटना की सूचना के एक घंटे बाद एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम पहुंची। इस दौरान दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के कारण फोरलेन पर जाम लग गया और यातायात प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलने के बाद हरहुआ पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को फोरलेन से किनारे हटवाया। इसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। इस बारे में बड़ागांव थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को किनारे कराया गया। इस मामले में किसी के द्वारा तहरीर नहीं दी गई है। यदि तहरीर दी जाती है तो मुकदमा दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।