UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

लखनऊ अग्निकांड की उच्चस्तरीय जांच हो,निजी स्कूलों व अस्पतालों की मनमानी पर लगे रोक : अभिषेक “गोलू” श्रीवास्तव

Updated on: 26 June, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी। हिंदू युवा वाहिनी,वाराणसी के महानगर मंत्री अभिषेक “गोलू” श्रीवास्तव ने जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर आयोजित मीडिया वार्ता में लखनऊ में हुई भीषण अग्निकांड की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस दुखद हादसे ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था,प्रशासनिक तैयारियों एवं आपदा प्रबंधन की वास्तविक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।अभिषेक श्रीवास्तव ने मांग की कि लखनऊ अग्निकांड की निष्पक्ष,पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए,ताकि घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय हो सके तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की भी मांग की। मीडिया वार्ता के दौरान उन्होंने प्रदेशभर में निजी स्कूलों एवं निजी अस्पतालों द्वारा कथित रूप से की जा रही मनमानी फीस वसूली,आर्थिक शोषण और कालाबाजारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आम जनता लगातार आर्थिक बोझ का सामना कर रही है। कई निजी संस्थान नियमों की अनदेखी कर लोगों से अत्यधिक शुल्क वसूल रहे हैं,जिससे मध्यम एवं गरीब वर्ग के परिवारों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ निजी अस्पताल मरीजों की मजबूरी का लाभ उठाकर अनावश्यक जांच,दवाइयों और उपचार के नाम पर आर्थिक शोषण कर रहे हैं। वहीं निजी स्कूलों में लगातार बढ़ती फीस और विभिन्न मदों में अतिरिक्त शुल्क की वसूली अभिभावकों के लिए चिंता का विषय बन चुकी है। अभिषेक “गोलू” श्रीवास्तव ने सरकार एवं प्रशासन से मांग की कि निजी स्कूलों और अस्पतालों में व्याप्त अनियमितताओं की व्यापक जांच कर दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। अंत में उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि जनता से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया जाए, ताकि आम लोगों की समस्याएं शासन-प्रशासन तक पहुंच सकें और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनहित के मुद्दों पर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा तथा आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाते रहेंगे।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News