UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

सातोमहुआ पावर हाउस के पास सरपत में लगी आग, मची अफरा-तफरी, पावर हाउस से लाइट आपूर्ति हुई बन्द*।

Updated on: 25 June, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

*​हरहुआ*।

सेहमलपुर सातोमहुआ स्थित विद्युत पावर हाउस के ठीक सामने बुधवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खाली पड़े खेत के किनारे उगी सरपत (घास-फूस) में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आसमान में उठती तेज लपटों और धुएं के गुबार को देख पावर हाउस के कर्मचारियों और आस-पास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

 आग पावर हाउस के बेहद करीब थी, इसलिए किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए अधिकारियों ने तुरंत पूरे क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद करा दी। गनीमत रही कि आग समय रहते खेतों तक ही सीमित रही और पावर हाउस के मुख्य परिसर तक नहीं पहुंची, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

       ​घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग बुझने के बाद प्रशासन और स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी।

​मामले के बाबत थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सराय स्वामी गाँव निवासी अखिलेश पांडेय ने अपने खेत की सफाई करने के उद्देश्य से वहां खड़ी सरपत में आग लगाई थी। लेकिन सूखी घास होने के कारण आग उम्मीद से ज्यादा तेजी से फैल गई और उसने विकराल रूप ले लिया। पुलिस ने इस लापरवाही को लेकर संबंधित व्यक्ति को कड़ी हिदायत दी है।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News