संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। उत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में मंडल कार्यालय स्थित भारतेन्दु सभाकक्ष में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक एवं हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों,स्टेशन राजभाषा समिति के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों ने सहभागिता की।बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि वाराणसी मंडल में राजभाषा हिंदी का प्रयोग निरंतर बढ़ रहा है तथा पत्राचार,टिप्पणियों,निरीक्षणों और बैठकों के कार्यवृत्त में लगभग शत-प्रतिशत हिंदी का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने विभागों से वेबसाइट पर द्विभाषी सामग्री नियमित रूप से अपलोड करने और उसकी सतत मॉनिटरिंग करने का आह्वान किया। उन्होंने वाराणसी की गौरवशाली सांस्कृतिक एवं साहित्यिक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नगर भारतेंदु हरिश्चंद्र,जयशंकर प्रसाद,प्रेमचंद,तुलसीदास और कबीरदास जैसी विभूतियों की कर्मभूमि रहा है। राजभाषा हिंदी के विकास और प्रचार-प्रसार में इस क्षेत्र का ऐतिहासिक योगदान रहा है तथा भविष्य में भी सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इसी उत्साह के साथ हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देते रहेंगे। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा ने उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि वाराणसी मंडल राजभाषा की दृष्टि से ‘क’ क्षेत्र में स्थित है,इसलिए हिंदी में कार्य करना केवल संवैधानिक दायित्व ही नहीं बल्कि नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से हिंदी के प्रति अपनी रुचि बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने रेलवे पुस्तकालय में उपलब्ध विविध विषयों की पुस्तकों का लाभ उठाने तथा लेखन प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए ‘काशी प्रतिबिंब’ पत्रिका हेतु तकनीकी एवं गैर-तकनीकी लेख भेजने का भी आग्रह किया। इस अवसर पर आयोजित हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाले अधिकारियों को पुरस्कार स्वरूप पुस्तकें भेंट कर हिंदी साहित्य के अध्ययन के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं राजभाषा संबंधी प्रगति की समीक्षा राजभाषा अधिकारी नवनीत कुमार वर्मा ने की। बैठक में पिछली तिमाही की राजभाषा प्रगति की समीक्षा, पूर्व बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि तथा आगामी बैठक के लिए सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह,वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामाकृष्णन,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान,वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बलेंद्र पाल सहित मंडल के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक एवं हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।