संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी --रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी चौकी क्षेत्र स्थित न्यू महादेव नगर कालोनी खुशीपुर में देर रात चोरों ने एक अध्यापक के मकान को निशाना बनाया और लाखों के सोने चांदी के आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर दिये। चोरी की घटना के बाद क्षेत्र के आमजन लोगों में दहशत व्याप्त है। मिली जानकारी के अनुसार न्यू महादेव कॉलोनी निवासी विनीत सिंह पेशे से अध्यापक हैं। उनके घर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अनजान दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरों ने घर में घुसकर लगभग ढाई सौ ग्राम सोने के आभूषण, चांदी के कई कीमती सामान तथा 32,000/ नगदी पार कर दिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत कई लाख रुपए बताया गया। मिली जानकारी के अनुसार विनीत सिंह और उनकी पत्नी कविता सिंह दोनों ही शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और अध्यापन कार्य करते आ रहे हैं। परिजनो का कहना है कि बरसों की मेहनत और बचत से जुटाते गये आभूषण तथा नगदी चोरी हो जाने से उन्हें भारी आर्थिक और मानसिक क्षति पहुंची है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार व आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। क्षेत्रीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गयी। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि एक शिक्षक के घर से हुई इतनी बड़ी चोरी की घटना का होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।क्षेत्र में तरह तरह की हो रही चर्चा का माहौल बना हुआ है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस भी तफ्तीश कर छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस ने घर का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली जा रही है। ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी की गम्भीरता से जांच की जा रही है।शीघ्र ही चोरी का पर्दाफाश कर चोरों को गिरफ्तार कर कटघरे में किया जायेगा। वहीं क्षेत्रीय नागरिकों ने भी पुलिस से शीघ्र ही चोरी का खुलासा करने की अपेक्षा जताई है ताकि आम जनता का कानून व्यवस्था पर विश्वास कायम रहे