संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शनिवार को हरहुआ ब्लॉक के प्रतापपट्टी गांव पहुंचे,जहां उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया। सुबह करीब 9:15 बजे गांव पहुंचने के बाद उन्होंने प्रजापति बस्ती का दौरा किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर जलापूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। मंत्री ने कमलेश प्रजापति,कोमल प्रजापति और सूर्यबली प्रजापति सहित अन्य ग्रामीणों से पेयजल आपूर्ति के संबंध में पूछताछ की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सुबह 6 से 8 बजे तथा शाम 5 से 7 बजे तक पानी की सप्लाई की जाती है। वहीं कुछ लोगों ने मौसम खराब होने अथवा तकनीकी समस्या आने पर जलापूर्ति बाधित होने की शिकायत भी की। इस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से कारण पूछा। अधिकारियों ने बताया कि जनरेटर में खराबी होने के कारण कभी-कभी आपूर्ति प्रभावित हो जाती है। मंत्री ने तत्काल समस्या दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं पानी के प्रेशर की जांच कर व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद मंत्री ने टंकी परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान ग्राम प्रधान जड़ावती देवी,विजय मिश्र,संजय कुमार सहित जल निगम,जल जीवन मिशन और ब्लॉक प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।