संवाद का पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
*हरहुआ* 27 दिनों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के बाद मंगलवार को परिषदीय विद्यालय खुलते ही स्कूल परिसरों में फिर से बच्चों की चहल-पहल लौट आई। क्षेत्र के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में छात्रों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। कम्पोजिट विद्यालय हरहुआ में पहले दिन बच्चों के स्वागत के लिए विशेष तैयारी की गई थी।
विद्यालय के मुख्य द्वार को रंग-बिरंगे गुब्बारों और स्वागत संदेशों से सजाया गया था। विद्यालय पहुंचने वाले बच्चों का हेडमास्टर कुमुद सिंह व शिक्षिकाओं ने तिलक लगाकर माल्यार्पण, पुष्प वर्षा व तिलक लगाकर स्वागत किया।
खंड शिक्षा अधिकारी हरहुआ पंकज कुमार ने बताया कि विद्यालय खुलने से पूर्व सभी प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए थे। विद्यालयों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था पहले ही सुनिश्चित कर ली गई थी, जिससे बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि सभी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां समय से शुरू करा दी गई हैं।
हालांकि पहले दिन विद्यालयों में छात्र उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही। शिक्षकों के अनुसार भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण कई अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल नहीं भेजा। वहीं कुछ बच्चे अभी भी अपने परिवार के साथ अवकाश पर हैं। अनुपस्थित छात्रों के अभिभावकों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया जा रहा है तथा गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर विद्यालय खुलने की जानकारी दी जा रही है।
शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि आगामी दिनों में सभी बच्चे विद्यालय पहुंचने लगेंगे और छात्र संख्या सामान्य हो जाएगी। विद्यालय खुलने के पहले दिन बच्चों के उत्साह, शिक्षकों की तैयारियों और स्वागत कार्यक्रमों ने नए शैक्षणिक सत्र की सकारात्मक शुरुआत का संदेश दिया