UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

परिवर्तन 4.0 समर कैंप का हुआ भव्य समापन, प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित

Updated on: 08 June, 2026

पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ ब्यूरो चीफ विवेक सोनी 

जौनपुर शाहगंज जेसीआई शाहगंज सिटी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय समर कैंप "परिवर्तन 4.0" का शनिवार को होटल शाहगंज पैलेस में भव्य समापन हुआ। 4 से 6 जून तक चले इस शिविर में बच्चों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. सुधाकर मिश्रा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को बाहर लाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास भी सफलता के लिए आवश्यक है।विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला कोषाध्यक्ष रीता जायसवाल ने बच्चों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं जेसीआई शाहगंज सिटी के पूर्व अध्यक्ष अभिषेक अग्रहरि ने कहा कि परिवर्तन 4.0 जैसे कार्यक्रम बच्चों के भविष्य को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।शिविर के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 प्रतिभागियों को "आउटस्टैंडिंग पार्टिसिपेंट", 12 प्रतिभागियों को "बेस्ट ग्रुप लीडर" के रूप में सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी अलग-अलग वर्गों में पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।मुख्य प्रशिक्षक जेसी शालिनी बर्मन, राष्ट्रीय प्रशिक्षक, जेसीआई इंडिया ने तीन दिनों के प्रशिक्षण के अनुभव साझा करते हुए कहा कि बच्चों में सीखने की अद्भुत क्षमता होती है और उचित मार्गदर्शन मिलने पर वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और समर कैंप को यादगार एवं प्रेरणादायक बताया। जेसीआई शाहगंज सिटी के अध्यक्ष जेएफएम विवेक सोनी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में संस्था के पदाधिकारी, सदस्यगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News