संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने 06 जून 2026 को बलिया रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास एवं अधोसंरचना विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस अवसर पर भारत सरकार के परियोजना निगरानी समूह (पीएमजी) के प्रबंधक श्वेतांक सिन्हा,एसोसिएट पीएमजी पारुल श्रीवास्तव सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन पर निर्माणाधीन 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज,सर्कुलेटिंग एरिया के विकास,यात्री प्रतीक्षालयों के उन्नयन,महिला,पुरुष एवं दिव्यांग शौचालयों,वीआईपी कक्ष,प्रकाश एवं पेयजल व्यवस्था,पार्किंग स्थल तथा सेकेंड एंट्री सर्कुलेटिंग एरिया सहित विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के उपरांत डीआरएम ने परियोजना निगरानी समूह के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर बलिया रेलवे स्टेशन पर चल रही विभिन्न पुनर्विकास परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया। बैठक में स्टेशन के आधुनिकीकरण,यात्री सुविधाओं के विस्तार,प्लेटफॉर्म विकास,परिसंचरण क्षेत्र सुधार,स्वच्छता व्यवस्था तथा विद्युत एवं सिग्नल संबंधी कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजनाओं को पूर्ण करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्रस्तुत की। डीआरएम आशीष जैन ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा संभावित बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि बलिया रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास यात्रियों को आधुनिक,सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही परियोजनाओं की नियमित निगरानी एवं समीक्षा के माध्यम से कार्यों की गति और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।