UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

डीएम के प्रस्तावित दौरे से पहले हरकत में आया प्रशासन, तहसील शाहगंज में युद्धस्तर पर चल रही साफ-सफाई और रंगाई-पुताई

Updated on: 05 June, 2026

पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ ब्यूरो चीफ विवेक सोनी 

जौनपुर शाहगंज आगामी संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी जौनपुर सैमुअल पॉल एन. के प्रस्तावित आगमन की सूचना मिलते ही तहसील शाहगंज परिसर में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। वर्षों से उपेक्षित दिखने वाले परिसर को संवारने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों ने युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।शनिवार को आयोजित होने वाले संपूर्ण समाधान दिवस से पहले तहसील परिसर में रंगाई-पुताई, साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, झाड़ियों की कटाई तथा परिसर को व्यवस्थित करने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। नगर पालिका परिषद शाहगंज की टीम भी विशेष सफाई अभियान चलाकर परिसर को स्वच्छ और आकर्षक बनाने में जुटी हुई है। जगह-जगह जमा कूड़ा हटाया जा रहा है तथा भवनों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कराई जा रही है।इसी क्रम में तहसीलदार शाहगंज सौरभ कुमार ने रजिस्ट्री कार्यालय सहित पूरे तहसील परिसर का भ्रमण कर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, कार्यालयों की व्यवस्था तथा जनसुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।तस्वीरों में भी देखा जा सकता है कि नगर पालिका के वाहन, सफाई कर्मी तथा प्रशासनिक अमला व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगा हुआ है। तहसील परिसर में लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए अचानक बढ़ी सक्रियता लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी प्रकार नियमित रूप से साफ-सफाई और रखरखाव होता रहे तो तहसील परिसर की स्थिति हमेशा बेहतर बनी रह सकती है। लोगों ने यह भी अपेक्षा जताई कि उच्च अधिकारियों के दौरे तक ही नहीं, बल्कि आम दिनों में भी स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं पर समान रूप से ध्यान दिया जाए।संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी द्वारा जनसमस्याओं की सुनवाई के साथ-साथ तहसील परिसर की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किए जाने की संभावना है। इसी को देखते हुए प्रशासन किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ना चाहता और सभी विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News