पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता आशुतोष मिश्रा
भदोही। जनपद भदोही के पाली विद्युत उपकेंद्र अंतर्गत सादोपुर गांव में पिछले कई सप्ताह से बिजली आपूर्ति गंभीर रूप से प्रभावित बताई जा रही है। भीषण गर्मी के बीच गांव के लोग बिजली संकट से जूझ रहे हैं, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तैनात जेई की कार्यशैली को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। आरोप है कि बिजली लाइन की मरम्मत और अन्य कार्यों के नाम पर मनमानी वसूली की जाती है, जबकि गांव की मूल समस्या जस की तस बनी हुई है। लगातार बिजली कटौती और खराब लाइनों के कारण लोगों को रातें जागकर बितानी पड़ रही हैं।स्थानीय निवासियों के अनुसार, भीषण गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न रहने से पेयजल आपूर्ति, पंखे, कूलर और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा भदोही जनपद के प्रभारी मंत्री भी हैं। ऐसे में ग्रामीणों का कहना है कि जब प्रभारी मंत्री के जिले में ही बिजली व्यवस्था की यह स्थिति है तो अन्य क्षेत्रों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री, जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर सादोपुर गांव की बिजली व्यवस्था बहाल कराने तथा आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।