अतुल राय की खास रिपोर्ट
वाराणसी।चोलापुर थानाक्षेत्र के बनियापुर स्थित हरिश्चंद्र पीजी कालेज के छात्रों ने गुरुवार को कालेज परिसर में जमकर बवाल काटा,कालेज प्रशासन द्वारा संतोषजनक जवाब न मिलने से गुस्साए छात्रों ने कालेज के प्रशासनिक गेट में ताला जड़ दिया। सूचना पर पहुंची चोलापुर पुलिस ने छात्रों को समझा बुझाकर ताला खुलवाया। छात्रों का आरोप है कि सभी बेसिक इकोनामिक्स प्रथम सेमेस्टर के छात्र हैं। जिनका 24 जनवरी 2023 को प्रातः 10 बजे से मैदागीन स्थित हरिश्चंद्र पीजी कालेज में परीक्षा थी। सूचना देने की जिम्मेदारी कालेज प्रशासन ने लिया हुआ था। लेकिन इसकी सूचना 24 जनवरी को प्रातः 9:56 मिनट पर दिया गया,जिससे करीब दो दर्जन से अधिक परीक्षार्थियों का परीक्षा छूट गया। जिस पर कालेज प्रशासन द्वारा पुनः परीक्षा दिलवाने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन कल अर्थात बुधवार को सूचना दी गई कि बैक पेपर 23 फरवरी को अंतिम दिन है सभी लोग बैक पेपर का फार्म भर लें। जिससे कालेज पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कालेज में हंगामा मचा दिया। वहीं कालेज प्रशासन का कहना है कि कालेज को भी उस परीक्षा की जानकारी अचानक उसी समय मिली जिससे छात्रों को समय से सूचना नहीं दी जा सकी। फिर भी उन सभी छात्रों को परीक्षा देने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया था। जिसमें लगभग दो दर्जन छात्रों ने परीक्षा दिया लेकिन कुछ ने परीक्षा देने से इंकार कर दिया।
अंततः पुलिस प्रशासन के मध्यस्थता में हरिश्चंद्र पीजी कालेज के प्राचार्य डा रजनीश सिंह को बुलाया गया,जिन्होंने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बात कर छात्रों को आश्वस्त किया कि बैक पेपर का परीक्षा तो होगा लेकिन अंक पत्र में बैक पेपर का उल्लेख नहीं होगा। जिस पर छात्र सहमत हो गए और मामले का पटाक्षेप हो गया।