विनोद नाथ यति की खास रिपोर्ट
वाराणसी।हरहुआ विकास खंड के जिला ग्राम्य विकास संस्थान परमानंद पुर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आयोजित सामुदायिक संदर्भ व्यक्ति का 09 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिला प्रशिक्षण अधिकारी विमल कुमार सिंह ने कहा कि समूह के द्वारा ग्रामीण महिलाओं को सक्षम व आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।उन्होंने बताया कि जनपद के आराजीलाइन विकास खंड से चयनित 49 आईसीआरपी (आंतरिक सामुदायिक संदर्भ व्यक्ति )(एसएम/बीके) को प्रशिक्षित किया गया। इस अवधि में प्रशिक्षक टीम द्वारा फ्लिप चार्ट,समूह गीत,सामुदायिक खेल,प्रोजेक्टर प्रस्तुतिकरण,रोल प्ले के माध्यम से गरीब कौन,गरीबी के कारण,सामाजिक मानचित्रण,सहभागिता द्वारा गरीबों की पहचान प्रकिया,समूह गठन प्रक्रिया,समूह के आवश्यक दस्तावेज सहित बैंक खाता खोलने हेतु जरूरी दिशा निर्देश सहित अन्य विषयों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।प्रशिक्षण अवधि में प्रशिक्षणार्थियों को दो दिवसीय अध्ययन भ्रमण हेतु चोलापुर विकासखंड के महमूदपुर ग्राम पंचायत में भेजा गया। अध्ययन भ्रमण के दौरान ट्रांजेक्ट वाक व सामाजिक मानचित्र के द्वारा गांव के भौगोलिक तथा सामाजिक जीवन से परिचित होते हुए कुल 8 समूह का गठन आई सी आर पी प्रशिक्षणार्थियों के द्वारा किया गया।कार्यक्रमों को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा स्थापित मानकों को पूरा करते हुए अधिक से अधिक प्रशिक्षणार्थियों को मिशन के उद्देश्य प्राप्ति हेतु तैयार करना ग्राम विकास संस्थान की प्राथमिकता है।प्रशिक्षण के समापन दिवस पर फीड बैक फार्म एवं प्रमाण पत्र,बैग,प्रतिभागियों को देकर सत्र का समापन किया गया।इस अवसर पर जिला मिशन प्रबन्धक श्रवण कुमार सिंह, सत्र प्रभारी सुरेश तिवारी,प्रशिक्षक निर्मल,हरिओम,सुरेश पाण्डेय,सरोजा देवी,लीलावती सहित कई प्रतिभागी उपस्थित रहे ।