विनोद यती की खास रिपोर्ट
लखनऊ/अयोध्या, 23 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अयोध्या के प्रति प्रतिबद्धता ने एक बार फिर इस प्राचीन नगरी को वैश्विक रिकॉर्ड सूची में दर्ज कराया है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के इस 'भव्य दीपोत्सव' को देखा-परखा और अंततः एक साथ एक स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलन को नवीन विश्व कीर्तिमान का दर्जा दिया। कीर्तिमान रचने में अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के शिक्षकों व छात्रों की बड़ी भूमिका रही। दीप प्रज्ज्वलन का नियत समय शुरू होते ही 'श्री राम जय राम जय जय राम' के जाप के साथ एक-एक कर 15.76 लाख दीप जलाए गए। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधियों द्वारा कीर्तिमान रचने की घोषणा के साथ ही पूरी अयोध्या 'जय श्री राम' के उद्घोष से गुंजायमान हो उठी। मंच संचालक ने जैसे ही यह जानकारी दी, समूची अयोध्या एक बार फिर 'जय सिया राम' का गगनभेदी नारों से गूंज उठी। इससे पहले विगत वर्ष भी इसी स्थान पर दीप प्रज्ज्वजन का कीर्तिमान रचा गया था।