विवेक राय की खास रिपोर्ट
वाराणसी- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का पात्र किसानों को लाभ दिलाने के उद्देश्य से चलाये जा रहे "पीएम किसान लाभार्थी संतृप्तीकरण अभियान" को सफल बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत स्तरीय शिविर के आयोजन के बाद अब बीते मंगलवार से जनपद की सभी तहसीलों में पीएम किसान समाधान शिविर आयोजन किया जा रहा है।तहसील पर लगने वाला शिविर आगामी 23 जून तक चलेगा।11 दिनों तक चलने वाले पीएम किसान समाधान शिविर में पहुंचकर किसान पीएम किसान योजना से सम्बंधित समस्याओं का समाधान करा सकते हैं।बुधवार को उक्त आशय की जानकारी देते हुए जनपद के उप कृषि निदेशक अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि योजनान्तर्गत केंद्र सरकार के कृषि व किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा 14 वीं किस्त निर्गत करने से पूर्व जनपद के सभी पात्र कृषकों के भूलेख अंकन एवं बैंक खाते को आधार से लिंक किये जाने के साथ-साथ ई-केवाईसी- कराया जाना अनिवार्य कर दिया गया है तथा आगामी किश्तों की धनराशि आधार सम्बंधित गेटवे पेमेंट से ही किया जाना है।ऐसे में किसान भाई 14 वीं किस्त प्राप्त करने के लिए शासन द्वारा निर्धारित सभी औपचारिकताएं पूरी कर लें।
*जनपद की सभी तहसीलों में लगा समाधान शिविर-*
उक कृषि निदेशक ने बताया कि बुधवार को जनपद के सभी तीनों (सदर पिण्ड्रा,राजातालाब) तहसीलों में पीएम किसान समाधान शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में कृषि विभाग के कर्मचारियों के साथ ही लेखपाल,जनसेवा केंद्र के प्रभारी,इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।उन्होंने बताया कि समाधान शिविर के सुपरविजन के लिए सदर तहसील में जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह,पिण्ड्रा तहसील में जिला कृषि रक्षा अधिकारी राजेश कुमार राय, राजातालाब तहसील में उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी निरूपमा सिंह को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।