विश्वनाथ प्रताप सिंह की खास रिपोर्ट
चोलापुर- चोलापुर थाना क्षेत्र के टिसौरा गांव में शनिवार की रात कथित प्रेमी 20 वर्षीय युवक को घर से बुलाकर जानलेवा हमला किया गया। युवक के घायल होने की सूचना पर जब परिवार वाले पहुंचे तो उसके माता-पिता और चाचा पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। आरोप है कि पुलिस ने उल्टे लड़के के परिवारवालों को ही थाने में बंद कर दिया। घायल आशीष को चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया गया है जहां उसकी हालत गंभीर है। परिवार का आरोप है कि उसका इलाज नही हो रहा है। पुलिस उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर भी नही कराने दे रही है।आशीष ढेरही गांव का निवासी है। उसने मीडिया को बताया कि वह टिसौरा की लड़की से करीब सात माह से बात कर रहा था। शनिवार की रात 11.30 बजे लड़की ने फोन कर उसे बुलाया। दोनों करीब आधा घंटा से लड़की के घर से 50 मीटर दूर बातें कर रहे थे। इसी दौरान लड़की के पिता और तीन भाई पहुंचे और लाठी-डंडे से उस पर हमला करने लगे। उसे मारकर वही अधमरा कर दिया गया। इसके बाद हमलावरों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया। सूचना पर रात में ही आशीष के पिता,माता और चाचा आए तो हमलावरों ने उन्हें भी घायल कर दिया गया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा।इसके अलावा आशीष के घायल परिजनों को हवालात में बंद कर दिया। उधर,लड़की नाबालिग बताई गई है। लड़की के परिवारवालों ने आशीष के खिलाफ भी तहरीर दी है। पुलिस ने लड़की वालों की तरफ से आशीष व उसके परिवार के पांच लोगों और आशीष की ओर से दी गई तहरीर पर लड़की पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इधर,अस्पताल में भर्ती आशीष और उसके भाई व चाची का आरोप है कि अस्पताल में कोई इलाज नही हो रहा है। यहां की हालत देख उन्होंने रेफर कराने को कहा तो पुलिस कह रही है कि यही ठीक होगा। रेफर कराने की जरूरत नही है। लड़की वालों का कहना है कि आशीष लड़की से मिलने आया था। जबकि आशीष व उसके परिजनों का कहना है कि लड़की ने खुद वीडियो काल कर उसे बुलाया था। उनका यह भी आरोप था कि परिवार वालों को उन्हें मारना था इसलिए साजिश के तहत लड़की से फोन करवा कर उसे बुलाकर हमला किया गया।