संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। गर्मी के मौसम में संरक्षित एवं सुरक्षित रेल परिचालन तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने बुधवार,28 मई 2026 को बनारस-प्रयागराज रामबाग रेलखंड पर स्थित कटका एवं निगतपुर रेलवे स्टेशनों तथा समपार फाटकों का विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने कटका एवं निगतपुर रेलवे स्टेशनों पर स्टेशन भवन,सर्कुलेटिंग एरिया,प्रवेश द्वार,स्टेशन परिसर एवं प्लेटफार्मों की साफ-सफाई का जायजा लिया। इसके साथ ही पैदल उपरिगामी पुल,सामान्य यात्री हाल, प्रतीक्षालय,दिव्यांगजन सुविधाएं,अनारक्षित टिकट काउंटर तथा गर्मी में यात्रियों की सुविधा हेतु उपलब्ध पेयजल बूथों एवं हैंडपंपों की व्यवस्था का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संरक्षा निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पैनल,इंटरचेंज प्वाइंट्स,टोकनलेस ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट,क्रैंक हैंडल,वीडर काउंटर,विफलता एवं ऑपरेशन कैंसिलेशन रजिस्टर तथा प्वाइंट्स एंड क्रॉसिंग रजिस्टर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक से परिचालन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष बल दिया। इसके उपरांत डीआरएम ने बहेड़वा हॉल्ट-कछवा रोड के मध्य निगतपुर यार्ड स्थित समपार संख्या 16/C का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गेट पर लगे संरक्षा उपकरणों,हाइट गेज एवं बूम लॉकिंग प्रणाली की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया। उन्होंने गेटमैन अशोक कुमार का पीएमई एवं सक्षमता प्रमाणपत्र भी देखा तथा उनके संरक्षा ज्ञान की जांच की। इस अवसर पर संबंधित विभागों के सेक्शनल वरिष्ठ पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।