UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

*कुएं में जौनपुर के युवक का शव मिलने से सनसनी*

Updated on: 13 June, 2026

अतुल राय की खास रिपोर्ट

 

वाराणसी। लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के गोईठहा गांव में स्थित एक कुएं में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची लालपुर पुलिस ने शव निकालने के लिए प्रयास शुरू किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद लालपुर चौकी प्रभारी प्रदीप यादव ने एनडीआरएफ को सूचना दी। सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम द्वारा 2 घंटे के अथक प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। शव के बाहर आने पर उसके जेब में मिले बाइक की चाभी,मोबाइल, पर्स से उसकी शिनाख्त हुई। युवक कोईलारी, थाना चंदवक, जनपद जौनपुर के निवासी अभिषेक सिंह उर्फ छोटू उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई। शव की शिनाख्त उसके भाई अविनाश सिंह ने किया। जानकारी के अनुसार अविनाश सिंह वाराणसी जनपद में एम आर के पद पर तैनात हैं। 09 दिसंबर को उनका भाई अभिषेक सिंह छोटू लमही में किराए के मकान पर आया। और यहीं से एक्सिस बैंक की परीक्षा का इंटरव्यू देने के लिए मिर्जापुर चला गया। इधर भाई अविनाश सिंह शादी में शामिल होने के लिए अपने गांव चंदवक के लिए चला गया। मृतक अभिषेक मिर्जापुर से परीक्षा देकर लमही स्थित रामबाबू पांडेय के किराए के अपने कमरे पर आया। और यहीं से वह गायब हो गया। 10 दिसंबर को उसका भाई अविनाश आया तो कमरे का ताला बंद था। और मृतक भाई का मोबाइल भी बंद बता रहा था। इधर-उधर पता करने के बाद भाई अविनाश सिंह द्वारा लालपुर पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार 9 दिसंबर को गोइठहा निवासी सोमारू राजभर के घर बारात आई थी। उसी दौरान आसपास के लोगों को कुएं में कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी। जिसके बाद आसपास के लोगों ने 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस पहुंची लेकिन आसपास देखकर पुलिस लौट गई। युवक अपने किराए के मकान से 700 मीटर दूर कुएं के पास कैसे पहुंचा, यह रहस्य बना हुआ है। कोईलारी गांव निवासी बिपिन बिहारी सिंह के परिवार में पत्नी नंदिनी देवी सहित 2 लड़के और 1 लड़की हैं। जिसमें मृतक अभिषेक सबसे छोटा था। सूचना पर स्थानीय लोग सहित मृतक के गांव से सैकड़ों लोग आ गए थे। मौके पर लालपुर इंस्पेक्टर परमहंस गुप्ता सहित चौकी प्रभारी प्रदीप यादव मौजूद रहे। और शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार सीसी कैमरा की फुटेज और पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News