संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
चौबेपुर, वाराणसी। मिशन शक्ति फेज-6 के तहत नवरात्रि के छठे दिन शासन के निर्देशानुसार बेसिक शिक्षा परिषद के बच्चों को चौबेपुर थाने का भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों को पुलिस की कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती की शिक्षिका डॉ. सुमन कुमारी ने बताया कि मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार नवरात्रि के छठे दिन बच्चियों को पुलिस थाने का भ्रमण कराना था। इसी क्रम में बच्चों को चौबेपुर थाने ले जाया गया, जहां पुलिसकर्मियों ने उन्हें विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बच्चियों का स्वागत करते हुए कहा कि नवरात्रि में कन्याओं का पूजन किया जाता है। ऐसे में बच्चियों का थाने पर आगमन इस बात का प्रतीक है कि साक्षात माता का आगमन हुआ है। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मिशन शक्ति टीम में शामिल महिला कांस्टेबल खुशबू नायक, किरण पटेल और शिल्पा गुप्ता ने बच्चों को महिला हेल्प डेस्क, शिकायत डेस्क, मालखाना, सीसीटीएनएस कक्ष, कार्यालय, अभिलेखागार और बंदी गृह का भ्रमण कराया। इस दौरान उन्हें महिला सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं और पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
भ्रमण के अंत में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने सभी बच्चों को उपहार स्वरूप शिक्षण सामग्री प्रदान की। बच्चों के स्वागत एवं कार्यक्रम के संचालन में उपनिरीक्षक राजेंद्र यादव, चंद्रमोहन यादव, कंप्यूटर प्रभारी आजाद, योगेंद्र प्रसाद, धीरेंद्र कुमार सहित थाने के अन्य पुलिसकर्मियों का सहयोग रहा।