पंजीकृतUDYAM-UP-75-0003230 | वाराणसी
Purvanchal Express News
संपर्क करें:
purvanchalexpressn@gmail.com
UDYAM-UP-75-0003230

वाराणसी : नाले पर कब्जा करने वाले दुकानदारों पर नगर निगम सख्त, हटवाया जाएगा अतिक्रमण, वसूलेंगे जुर्माना* 

04 July, 2026  |  12:32 AM
वाराणसी : नाले पर कब्जा करने वाले दुकानदारों पर नगर निगम सख्त, हटवाया जाएगा अतिक्रमण, वसूलेंगे जुर्माना* 

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

*वाराणसी।* शहर में नालों पर कब्जा कर दुकानें बना ली गई हैं। इससे नाला सफाई में दिक्कतें हो रही हैं। नगर निगम प्रशासन ने ऐसे दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। यदि खुद से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगर निगम प्रशासन सख्ती से हटवाएगा। वहीं दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला जाएगा। नगर निगम की सख्ती के बाद अतिक्रमणकारियों में खलबली मची है। 

 

नगर निगम प्रशासन ने शहर में तेज़ गति से नालों की सफाई का कार्य प्रारंभ किया है। इस अभियान के दौरान यह पाया गया कि नगर के कई प्रमुख क्षेत्रों में दुकानदारों और प्रतिष्ठानों द्वारा नालों और पाथवे पर अतिक्रमण कर दिया गया है, जिससे सफाई कार्य में भारी बाधा उत्पन्न हो रही है।

 

अपर नगर आयुक्त संगम लाल एवं मुख्य अभियंता मोईनुद्दीन द्वारा किए गए निरीक्षण में यह सामने आया कि कई स्थानों पर नालों पर स्थायी और अस्थायी रूप से अतिक्रमण कर लिया गया है। इससे नालों की नियमित सफाई नहीं हो पा रही, जिसके कारण जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है और वर्षा के समय आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

 

नगर निगम के अतिक्रमण विभाग द्वारा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। निरीक्षण में सिगरा क्षेत्र के अशोक नगर स्थित सुविधा साड़ी के पास के नाले पर बने एमके टेलर्स, गोगिया स्टोर और चाय की दुकान जैसे अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं। यह नाला सिगरा चौराहा से साजन तिराहा तक फैले मुख्य नाले से जुड़ा हुआ है और लगभग 50 मीटर लंबा है। अतिक्रमण के चलते यहां हमेशा जलभराव की स्थिति बनी रहती है।

 

इसी प्रकार, महमूरगंज मार्ग पर जालान शोरूम के समीप भी नाले पर अवैध निर्माण पाया गया। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए सभी जोनल अधिकारियों, अतिक्रमण विभाग तथा अभियंत्रण विभाग को निर्देश दिए हैं कि सभी नालों का सर्वे कर अतिक्रमण चिह्नित करें और उसे सख्ती से हटाया जाए। साथ ही दोषियों से जुर्माना भी वसूला जाएगा।

© 2026 Purvanchal Express News. All Rights Reserved. (UDYAM-UP-75-0003230)